उत्तरकाशी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे मोरी के पवाणी गांव, अग्निकांड प्रभावितों से मिलकर हर परिवार को ₹5 लाख सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को मोरी तहसील के पवाणी गांव पहुंचे, जहां हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों को बेघर कर दिया था। मुख्यमंत्री के गांव पहुंचते ही प्रभावित परिवारों में भावुक माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने किसी औपचारिक मंच पर नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी पीड़ा सुनी। एक-एक परिवार से मिलकर उन्होंने आग से हुए नुकसान की जानकारी ली। कई महिलाओं और बुजुर्गों की आंखें इस दौरान नम हो गईं। मुख्यमंत्री ने सभी को ढांढस बंधाया और कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है, उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
प्रत्येक परिवार को ₹5 लाख की सहायता
मुख्यमंत्री ने मौके पर ही बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ये सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी ताकि प्रभावित परिवार दोबारा अपना जीवन शुरू कर सकें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव में हुए नुकसान का विस्तृत आकलन जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि आकलन के बाद अगर और सहायता की जरूरत पड़ी तो प्रभावितों को आगे भी अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। किसी भी प्रभावित परिवार को सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
प्रशासन को दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद जिला प्रशासन के अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के रहने, खाने और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को तुरंत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक प्रभावित परिवार पूरी तरह से पुनर्वासित नहीं हो जाते, तब तक प्रशासन उनकी हर संभव मदद करता रहे।
प्रभावितों ने जताया आभार
मुख्यमंत्री के तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने और संवेदनशीलता के साथ उनकी पीड़ा साझा करने पर प्रभावित परिवारों ने आभार व्यक्त किया। प्रभावितों ने कहा कि मुख्यमंत्री का खुद गांव आकर उनसे मिलना और उनकी बात सुनना उनके लिए बड़ी सांत्वना है। उन्हें भरोसा है कि सरकार की मदद से वे जल्द ही इस संकट से उबर जाएंगे।

