देहरादून
उत्तराखंड में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की शुरुआत, ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड राज्य में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू हो गया है
राज्य में 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता करते हुए इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में उत्तराखंड में कुल 72 लाख 78 हजार 35 मतदाता शामिल किए गए हैं। इनमें 34 लाख 84 हजार 447 महिला, 37 लाख 93 हजार 373 पुरुष और 215 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश में सर्विस मतदाताओं की संख्या 86 हजार 28 है, जिसमें 83 हजार 352 पुरुष और 2 हजार 676 महिला शामिल हैं। वर्तमान में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद प्रदेश में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 12 हजार 498 हो गई है।
जोगदंडे ने बताया कि आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर 2026 से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने का समय निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही 28 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियों की सुनवाई की जाएगी और 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि इससे पहले प्रदेश में 4 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 1 लाख 25 हजार 216 मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए, जबकि 6 हजार 130 मतदाताओं के फॉर्म 7 प्राप्त होने पर उनका निस्तारण किया गया। हाल ही में संपादित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2026 के तहत 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित अंतिम सूची में 71 लाख 58 हजार 949 मतदाता शामिल थे। ऐसे युवा जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं या किन्हीं कारणों से सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, वे 11 दिसंबर 2026 तक फॉर्म 6 भरकर अपने बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन या ईसीआई नेट ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची को www.voter.eci.gov.in और www.ceo.uk.gov.in पर ऑनलाइन भी देखा जा सकता है। दूसरी ओर, ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी दलों को ड्राफ्ट मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी सौंपी गई और अभियान में सहयोग की अपील की गई।

