देहरादून
उत्तराखंड सरकार ने वीर बाल पुरस्कार को कैबिनेट मे मंजूरी दे दी हैं जिसको लेकर महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने इस फैसले के लिए कैबिनेट का आभार जताते हुए कहा कि वीर बाल पुरस्कार ऐसे बच्चों को समर्पित है,
जो विपरीत परिस्थितियों में अपने साहस, बहादुरी और उत्कृष्ट कार्यों से समाज के सामने मिसाल पेश करते हैं। यह पुरस्कार लड़के और लड़कियों, दोनों के लिए है। इसका उद्देश्य साहसी बच्चों को सम्मानित करने के साथ ही अन्य बच्चों को भी अच्छे कार्य करने और कठिन परिस्थितियों में हिम्मत दिखाने के लिए प्रेरित करना है। मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि पुरस्कार के लिए विभाग की ओर से विज्ञप्ति जारी की जा चुकी है और आवेदन की अंतिम तिथि भी समाप्त हो गई है। फिलहाल पुरस्कार वितरण को लेकर आगे की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही प्रदेश के वीर बालक-बालिकाओं को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय ऐतिहासिक है और इससे बच्चों के भीतर साहस, आत्मविश्वास और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिलेगा।

