देहरादून
दिव्यांग बच्चों के साथ CM धामी ने मनाया जन्मदिन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपना जन्मदिन इस बार दिव्यांग बच्चों के नाम किया
बुधवार को अपने जन्मदिवस के अवसर पर सीएम धामी देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचे और वहां पढ़ रहे बच्चों के साथ केक काटकर खुशियां साझा कीं।
सीएम को अपने बीच पाकर बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए । मुख्यमंत्री ने बेहद आत्मीयता से हर बच्चे से मुलाकात की, उनसे संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। पूरा माहौल स्नेह और अपनत्व से भर गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वैसे तो मनुष्य हर दिन जब प्रात:काल उठता है तो उसका नया जन्म ही होता है। लेकिन अवतरण दिवस के रूप में मेरा प्रयास रहता है कि मैं ऐसे बच्चों के बीच आऊं जो यहां पढ़ाई कर रहे हैं, जो दिव्यांग हैं। उनके साथ कुछ देर रहूं, बातचीत करूं। हमेशा मेरी कोशिश रहती है कि मैं यहीं से अपने दिन की शुरुआत करूं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दिव्यांगों के लिए अनेक योजनाएं बनाई हैं, हर तरीके से उनको सक्षम बनाया जा रहा है, शिक्षण और प्रशिक्षण दोनों दिया जा रहा है। इनको केवल हमारी सहानुभूति नहीं चाहिए, सहानुभूति के साथ इनको सक्षम बनाना जरूरी है, इनकी भागीदारी जरूरी है। आज दिव्यांग बच्चे हर क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा है, उन्हें सिर्फ अवसर और विश्वास चाहिए। समाज में हर व्यक्ति को समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए और बच्चों के चेहरों की ये खुशी ही उनके लिए जन्मदिन का सबसे बड़ा और यादगार उपहार है।
