देहरादून
ऋषिकेश में पुलिस मुठभेड़, हत्या के प्रयास में वांछित दो इनामी बदमाश गिरफ्तार
चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” में ऋषिकेश पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 15-15 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार नटराज चौक पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे बैरियर तोड़कर फरार हो गए। पीछा करने पर खांड गांव के पास बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों घायल हो गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आमिर निवासी मुजफ्फरपुर और अनवारूल हक उर्फ अनवर निवासी सीतामढ़ी, बिहार के रूप में हुई है। दोनों कुछ दिन पहले ऋषिकेश के भुट्टोवाला क्षेत्र में सड़क किनारे शराब पीने को लेकर हुए विवाद में दो लोगों को गोली मारकर घायल करने के मामले में वांछित थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध पिस्टल, तमंचा, जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों बिहार में लूट और हत्या के एक मामले में भी वांछित हैं और पुलिस से बचने के लिए ऋषिकेश में छिपे हुए थे।
