रुद्रप्रयाग
केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, छह माह तक ऊखीमठ में होंगे बाबा केदार के दर्शन
विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का विधिवत समापन हो गया।
सुबह चार बजे से ही मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए थे। मंदिर को फूलों से भव्य तरीके से सजाया गया था। कपाट बंद होने के समय मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। बाबा केदार के जयकारों से पूरा धाम गुंजायमान हो उठा। कई श्रद्धालु इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए सुबह से ही मंदिर परिसर में डटे हुए थे।
कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया। इसके बाद डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हुई।
डोली का पहला रात्रि पड़ाव रामपुर में रहेगा। 12 नवम्बर को डोली गुप्तकाशी पहुंचेगी और 13 नवम्बर को ऊखीमठ पहुंचेगी, जहां विधि-विधान के साथ बाबा केदार को शीतकालीन गद्दी पर विराजमान किया जाएगा।
अगले छह माह तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में ही संपन्न होगी। शीतकाल में श्रद्धालु ऊखीमठ में ही बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, बदरी-केदार मंदिर समिति के अधिकारी, तीर्थ पुरोहित और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से कपाट बंद समारोह और डोली प्रस्थान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

