देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की सभी विभागों की समीक्षा – बोले, 1905 हेल्पलाइन से आम आदमी की शिकायत का हो रहा समाधान, सड़कें जल्दी होंगी ठीक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में सभी विभागों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान सीएम ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 से लेकर सड़कों की मरम्मत, चारधाम यात्रा और स्वास्थ्य विभाग तक कई अहम मुद्दों पर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हेल्पलाइन 1905 आम जनता के लिए सेवा का एक सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए कोई भी सामान्य व्यक्ति अपनी शिकायत जिले से लेकर प्रदेश स्तर के अधिकारियों तक पहुंचा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के बाद प्रदेश में सड़कों की हालत काफी खराब हो जाती है। उन्होंने PWD और शहरी विकास विभाग को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सड़कों को ठीक करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चारधाम यात्रा के दूसरे चरण को लेकर भी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने को कहा है।
सीएम धामी ने स्वास्थ्य विभाग को फ्लू और मौसमी संक्रमण को देखते हुए सभी अस्पतालों में तैयारी रखने और जिलाधिकारियों को जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित कर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल और शिक्षा विभाग में छात्रवृत्ति योजनाओं को समय पर बच्चों तक पहुंचाने को कहा।
