देहरादून/सेलाकुईं,
भारी वर्षा के कारण स्वारना नदी पर स्थित सेलाकुईं-रामपुर को जोड़ने वाले सेतु का बेस क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों की समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने आज स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर सेतु के चल रहे मरम्मत कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया
इस दौरान विधायक पुंडीर ने कहा कि सेतु की तकनीकी जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि नए सेतु के निर्माण की आवश्यकता पड़ती है, तो प्रदेश की सरकार जनहित में नए सेतु के निर्माण की दिशा में भी आवश्यक कार्यवाही करेगी।
विधायक पुण्डीर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरम्मत कार्य में गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पूर्ण ध्यान रखते हुए निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में हो रही असुविधा से शीघ्र राहत मिल सके।
विधायक ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता है। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित जनसुविधाओं को शीघ्र बहाल करने के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है और आवश्यकतानुसार हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।

