देहरादून
- देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और अनिष्ट का भय दिखाकर महिला से लाखों रुपये के आभूषण ठगने वाले कथित बाबा राहुल थापा को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी ने महिला को पूजा-अनुष्ठान के नाम पर झांसे में लेकर करीब 65 तोला सोना हड़प लिया था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह लोगों के घरों के बाहर जादू-टोने से जुड़ी सामग्री फेंककर उन्हें डराता था और फिर अनुष्ठान के नाम पर मोटी रकम वसूलता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 150 ग्राम सोने का बिस्कुटनुमा बार और 5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत सेलाकुई पुलिस और एसओजी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले में शेष आभूषणों की बरामदगी और अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में जांच जारी है।
